कानपुर। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान शुक्रवार को लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने पांच थानेदारों और दो एसीपी को फटकार लगाई। कहा कि डीजीपी की समीक्षा में साउथ जोन के साथ-साथ पांचों थानेदार और दो एसीपी की लापरवाही पाई गई है। अगर सुधार नहीं हुआ तो यह उनके लिए ठीक नहीं होगा। इसके अलावा आगामी त्योहार और विधानसभा चुनाव के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
सीपी ने बताया कि डीजीपी कार्यालय की ओर से की गई समीक्षा में कल्याणपुर, चकेरी, बिल्हौर, चौबेपुर और साढ़ के थानेदारों का सबसे खराब प्रदर्शन रहा है। थानों में शिकायतों का अंबार लगा हुआ है। फरियादियों की सुनवाई नहीं होती है। इसके अलावा यक्ष एप पर फीडिंग के मामले में साउथ जोन सबसे अधिक फिसड्डी रहा है। इस पर डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी को भी सुझाव के निर्देश दिए। सेंट्रल जोन की स्थिति संतोषजनक रही। सीपी ने बताया कि जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर एसीपी बिल्हौर और कल्याणपुर को सुधार के लिए चेताया गया है। दोनों के सर्किल में बड़ी संख्या में जांचें लंबित हैं।
एक लाख से ऊपर की साइबर ठगी भी होगी दर्ज
सीपी ने बैठक में कहा कि प्रदेश भर में पांच लाख से ऊपर की साइबर ठगी के मामले थानों में दर्ज किए जा रहे हैं लेकिन कानपुर पुलिस अब एक लाख से भी ऊपर के मामले भी दर्ज करेगी। ऐसा साइबर फ्राड के बढ़ते मामलों के चलते किया गया है। बैठक के दौरान अपर पुलिस आयुक्त विपिन ताडा ने डीसीपी यातायात अभय नाथ त्रिपाठी के साथ-साथ सभी थानेदारों से धनतेरस और दिवाली पर जाम से बचने की व्यवस्था करने के लिए कहा। पार्किंग के स्थान पहले से चिह्नित करने के निर्देश दिए।