मालगाड़ी निकालने के लिए पद्मावत एक्सप्रेस को दो घंटे तक खड़ी करने से नाराज छात्रों ने जमकर हंगामा किया। ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा छूटने से गुस्साए छात्रों ने स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस को रोक लिया और उस पर पथराव किया।
हंगामे की वजह से एक घंटे तक दिल्ली-कानपुर रूट प्रभावित रहा। बता दें कि हरदोई में मालगाड़ी डीरेलमेंट से मुरादाबाद रूट की 21 ट्रेनें कानपुर रूट पर चल रही हैं। इनमें पद्मावत एक्सप्रेस भी है। ट्रेनों का लोड बढ़ने से पहले से व्यस्त चल रहे इस रूट पर ट्रेनों का संचालन बेहद धीमा हो गया है।
रविवार सुबह 11:30 बजे मालगाड़ी निकालने के लिए भाऊपुर स्टेशन पर पद्मावत एक्सप्रेस को रोक दिया गया। इस ट्रेन में ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा देने जा रहे छात्र भी सवार थे जो लखनऊ जा रहे थे। दो घंटे तक ट्रेन वहीं खड़ी रही तो परीक्षा छूटने से नाराज ये छात्र नीचे उतरकर हंगामा करने लगे। आक्रोशित छात्रों ने पीछे से आ रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस को रोक लिया और उस पर पथराव कर दिया।