फतेहपुर के बिंदकी में बिजली पोल पर चढ़कर फाल्ट सुधारते समय संविदा कर्मी को गुरुवार की शाम करंट का झटका लगा। नीचे गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के सख्ती दिखाते ही लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
दो सिपाही समेत चार कांस्टेबल घायल हुए। गुस्साए लोगों को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। करीब दो घंटे बाद पुलिस हालातों पर काबू पा सकी। एएसपी और एसडीएम ने मुआवजे, पत्नी को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया है। कारागार राज्यमंत्री जय कुमार जैकी भी परिवार को समझाने पहुंचे। रात करीब दस बजे तक पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।
जमीन पर गिरकर उसकी मौत हो गई
बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के भगौनापुर निवासी जयपाल का बेटा अरुण कुमार उर्फ ईशू (32) उपकेंद्र में संविदा कर्मी था। उपकेंद्र से शटडाउन लेकर 33 हजार की लाइन के पारादान गांव के पास बिजली पोल पर फाल्ट सुधारने गया था। शटडाउन अचानक खत्म हो जाने से उसे करंट लगा और जमीन पर गिरकर उसकी मौत हो गई।
हादसे की खबर पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने बिजली उपकेंद्र के कर्मचारियों की लापरवाही से हादसा होना बताया। इसी बात पर जाम लगा दिया। 100 नंबर की सूचना पर पीआरवी बाइक सवार कांस्टेबल विनोद और दूसरी पीआरवी बाइक में कांस्टेबल विख्यात होमगार्ड के साथ पहुंचे। कर्मियों ने समझाने बुझाने का प्रयास किया।
नोकझोक के दौरान पुलिस कर्मियों पर पथराव चालू हो गया
बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग होने लगी। पुलिस के सख्ती दिखाते ही ग्रामीण उत्तेजित हो गए। नोकझोक के दौरान पुलिस कर्मियों पर पथराव चालू हो गया। पुलिस कर्मी बाइकें छोड़कर मौके से भागे। बिंदकी कोतवाली का फोर्स पहुंचा। पथराव को देखकर दूसरे थानों से पुलिस फोर्स बुलाई गई। ललौली, चांदपुर, जाफरगंज, कल्यानपुर, औंग, जहानाबाद, बकेवर थाने का फोर्स पहुंचे। एएसपी पूजा यादव, एसडीएम सुशील कुमार गोंड, सीओ बिंदकी अभिषेक तिवारी पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।
तब उपद्रव करने वालों को हटाया जा सका। कारागार राज्य मंत्री जय कुमार जैकी पहुंचे। उनकी मदद से करीब दो घंटे बाद प्रशासन ग्रामीणों को शांत करा सका। ग्रामीणों ने पत्नी को नौकरी और मुआवजा दिलाने की मांग की। उपकेंद्र के कर्मियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की सीओ अभिषेक तिवारी ने बताया कि ग्रामीणों को शांत कर परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है। घायल पुलिस कर्मियों को मेडिकल के लिए भेजा गया है।