आरोपी सीमा परिहार के भांजे को एसटीएफ ने दबोचा
- फोटो : अमर उजाला
पिछले साल खदरी गांव में हुए जहरीली शराब कांड के आरोपी और 25 हजार रुपये के पुरस्कार घोषित आरोपी छोटे परिहार को एसटीएफ ने पकड़कर घाटमपुर पुलिस के हवाले कर दिया है। आरोपी दस्यु सुंदरी सीमा परिहार का भांजा बताया गया है।
पिछले साल होली पर भीतरगांव विकास खंड के खदरी और सुखइयापुर गांवों में जहरीली शराब पीने से आठ लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों में केमिकल सप्लायर ग्राम बेरुहनी थाना अजीतमल (औरैया) निवासी छोटे सिंह परिहार उर्फ जनक सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह भी था।
वह घटना के बाद से फरार चल रहा था। छोटे सिंह परिहार के खिलाफ कोतवाली घाटमपुर में दो और थाना सजेती में एक मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसके ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
एसटीएफ ने छोटे परिहार को औरैया से गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को घाटमपुर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया था। कोतवाल सत्यदेव शर्मा ने बताया कि एसटीएफ ने आरोपी को फफूंद चौराहा दिबियापुर औरैया से गिरफ्तार किया है। छोटे परिहार को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।