फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यमंत्री व सीडीओ ने देखा हेलीपैड निर्माण स्थल

विज्ञापन
विज्ञापन
डेरापुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 27 जून को पैतृक गांव परौंख आगमन को लेकर जिला प्रशासन रविवार को तैयारियों में जुटा रहा। राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल ने हेलीपैड स्थल का निरीक्षण किया। यहां सीडीओ सौम्या पांडेय भी मौजूद रहीं। हेलीपैड स्थल के पास लगे बिजली के पोल व तार हटाने के लिए राज्यमंत्री ने रनियां खंड के विद्युत एक्सईएन दीपक सिंह को निर्देश दिए।
विज्ञापन

कहा कि गांव में बिजली आपूर्ति दुरुस्त रहे इसकी व्यवस्था कर ली जाए। इसके बाद राज्यमंत्री ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। यहां बरसात से पानी भरने की आशंका को देखते हुए जल निकासी की व्यवस्था के निर्देश दिए। एक्सईएन पीडब्लूडी प्रकाश चंद्र ने जलनिकास के लिए नाली जल्द बनवाने की बात बताई।
राष्ट्रपति के भ्रमण रूट का लिया जायजा
डेरापुर। डीएम व एसपी रविवार को दोपहर करीब ढाई बजे सीडीओ के साथ हेलीपैड स्थल पर गए। वहां से उन्होंने झलकारी बाई इंटर कॉलेज, पथरी देवी मंदिर, आंबेडकर पार्क व मिलन केंद्र (पैतृक आवास) जाने वाले स्थानों का पैदल निरीक्षण किया। राष्ट्रपति भ्रमण के दौरान जिन रास्तों से गुजरेंगे उनकी भी स्थिति देखी। कुछ स्थानों पर मार्ग खराब मिलने पर 24 घंटे में खामी दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

पिता के रूप सम्मानित होने वाले मोतीलाल हुए भावुक
डेरापुर। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में पिता के रूप में सम्मानित होने वाले परौंख गांव के मोतीलाल भावुक होने के साथ बेहद खुश भी हैं। 99 वर्ष की आयु पूरी कर चुके मोतीलाल ने बताया कि उनके राष्ट्रपति के पिता मैकूलाल (कक्कू) से घरेलू संबंध थे।
उन्होंने कभी भी धार्मिक कार्यों में खुले तौर पर चंदा नहीं दिया, लेकिन कक्कू ने जब पथरीदेवी मंदिर के चबूतरे के लिए सहयोग मांगा तो उनकी लगन व धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए उस समय 40 रुपये की सहायता की थी।
रामनाथ कोविंद ने राज्यपाल बनने के बाद गांव आने पर सीताराम को भी पिता के सम्मान से सम्मानित किया था। मोती लाल कहते हैं कि संस्कारित परिवार कभी भी अपनी पहचान नहीं खोने देता है। ये बात राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने सम्मान की लिस्ट में उनका नाम जोड़कर साबित कर दी है।
रहनिया चौक का होने लगा समतलीकरण
डेरापुर। राष्ट्रपति के आगमन के पूर्व रहनिया चौक ओर पथरी देवी मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग बिछाने के लिए समतलीकरण का कार्य शुरू करा दिया गया है। डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन में चौक व मंदिर परिसर की इंटरलॉकिंग का काम पूर्ण कर लिया जाएगा।
राष्ट्रपति का इंटर कॉलेज से रहा लगाव
डेरापुर। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का झलकारी बाई इंटर कॉलेज से बहुत लगाव रहा है। गांव के महेश सिंह भदौरिया ने बताया कि 1994 में राज्यसभा का सदस्य बनने के बाद स्कूल की स्थापना राष्ट्रपति ने स्वयं की थी। कई वर्ष तक विद्यालय चलता रहा राज्यपाल बनने के बाद दो कमरों का निर्माण उनके कहने पर हुआ था। इसके बाद जब वह राष्ट्रपति बने तो हडको संस्था द्वारा कमरों का निर्माण कराया गया। उन्हीं के प्रयास से झलकारी बाई इंटर कॉलेज अब जीआईसी हो गया है।
बालू-गिट्टी डालने पर किसानों ने रोका हेलीपैड का काम
डेरापुर। परौंख गांव में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। रविवार को हेलीपैड बनाने के लिए पीडब्लूडी की ओर से बालू, गिट्टी व ईंट निर्माणाधीन स्थल पर उतारी गई। तभी खेत मालिक ज्ञान प्रताप सिंह, कमलेश कुमार, नारायण दत्त, सुशील तिवारी व अवधेश आदि आ गए। उन्होंने हेलीपैड के निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
किसानों का कहना था कि ईंट से हेलीपैड निर्माण की बात कही गई थी। गिट्टी व बालू डालकर हेलीपैड बनाने से उनकी उपजाऊ भूमि खराब हो जाएगी। काम रुकवाने की सूचना पर प्रभारी तहसीलदार लाल सिंह मौके पर पहुंचे उन्होंने किसानों को समझाया। इस पर भी किसान नहीं मानें। बाद में राज्यमंत्री अजीत सिंह पाल, सीडीओ सौम्या पांडेय व झलकारीबाई इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विमल कुमार ने किसानों को समझाया। इसके बाद किसान हेलीपैड बनाने देने के लिए सहमत हुए।
कई गलियों में नहीं हुई सफाई
डेरापुर। परौंख गांव के मुख्यमार्गों को साफ सुथरा करने में ब्लॉक डेरापुर, संदलपुर व झींझक के करीब दो सौ सफाई कर्मियों की टीम लगाई गई है। वहीं परौंख की कई गलियां ऐसी है जिनकी सफाई नहीं हुई है। गांव के गोपाल, भानुप्रताप, नीलू शुक्ल का कहना कि गांव के अन्य मार्गों की भी सफाई कराई जानी चाहिए। कई स्थानों पर क्रॉस नालियों पर डाले गए लोहे के जाल उखड़ गए। इनकी तरफ अफसरों का ध्यान नहीं है। आरोप लगाया कि गांव में कर्मचारियों व अधिकारियों की भीड़ है पर संख्या के हिसाब से नहीं हो रहा है।
डॉक्यूमेंट्री के लिए ड्रोन से ली तस्वीरें
डेरापुर। परौंख गांव में कराये गए विकास कार्यों की लखनऊ से आई टीम ने ड्रोन कैमरे से तस्वीरें ली। राष्ट्रपति के गांव की डॉक्यूमेंट्री इन तस्वीरों की मदद से बनाई जाएगी। कानपुर देहात जिला प्रशासन की ओर से यह डॉक्यूमेंट्री बनवाई जा रही है। इसे एलईडी वैन से जिले के प्रमुख स्थानों पर दिखाया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें