पुखरायां। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन लेकर की जा रही तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। डिग्री कॉलेज मैदान में वाहनों के पार्किंग का इंतजाम किया जा रहा है। वहीं इंटर कॉलेज की भूमि पर पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं। रविवार को रोलर चलाकर ईंटे बिछाने का काम कराया गया।
पुखरायां में 27 जून को राष्ट्रपति का कार्यक्रम है। हेलीकॉप्टर से आने के बाद वह सीधे पांडाल में जाएंगे। हेलीपैड पर एक हेलीकाप्टर राष्ट्रपति का उतरेगा। जबकि तीन हेलीकॉप्टर राष्ट्रपति की सुरक्षा वाले होंगे। अन्य दो हेलीपैड राज्यपाल और मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के तहत बनवाए जा रहे हैं। पांडाल में चिह्नित लोगों से मिलने के बाद राष्ट्रपति सीधे अपने मित्र सतीश चंद्र मिश्र के घर जाएंगे।
वहीं आरएसजीयू पीजी डिग्री कॉलेज में वाहनों की पार्किंग के लिए मैदान को समतल कराया गया है। कस्बे की मेन रोड सहित गलियों की साफ सफाई कराई जा रही है। बड़े महादेवन मंदिर तालाब की बाउंड्री में रंग रोगन करा दिया गया है। गेट का निर्माण कराया जा रहा है। जिसके बगल से होकर राष्ट्रपति का काफिला निकल सकता है।
सुरक्षा प्वाइंट पर तैनात रहेंगे जवान
पुखरायां। कस्बे में सीओ प्रभात कुमार ने पुलिस बल के साथ गलियों में भ्रमण किया। सुरक्षा प्वाइंट भी चिह्नित किए, साथ ही लोगों से जानकारी भी ली। कस्बा रोड के दोनों तरफ मकान मालिकों के नाम भी दर्ज किए। ऊंचाई वाले घरों की छतों पर सुरक्षा प्वाइंट बनाकर वहां सुरक्षा बल तैनात किया जाएगा। राष्ट्रपति के दौरे के समय रोड पर आवागमन रोक कर कस्बा सील कर दिया जाएगा। वहीं ईओ रामअचल कुरील ने बताया कि कस्बे में एनाउंस कराके दुकानदारों को बताया गया है कि रोड किनारे फुटपाथ पर दुकान न लगाएं।