राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग (स्टेट जीएसटी) की टीमों ने शनिवार को कानपुर में रेडीमेड कपड़ों की बड़ी फर्म लुधियाना गारमेंट्स के पांच ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। ये शोरूम कल्याणपुर, साकेत नगर, विश्वबैंक बर्रा, अर्रा और शुक्लागंज में हैं। सभी शोरूमों को मिलाकर कई लाख रुपये की टैक्स चोरी सामने आई है। अफसरों ने फर्म के दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। एक शोरूम में 60 लाख रुपये का स्टॉक कम मिला। माना गया कि कच्चे बिल पर बिक्री की वजह से स्टॉक कम है।
स्टेट जीएसटी की यह छापामारी एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 एसआईबी दिनेश मिश्रा के निर्देश पर हुई। डिप्टी कमिश्नर चंद्रशेखर झा ने इसकी अगुवाई की। अफसरों को तीन शोरूम में बड़े पैमाने पर अघोषित स्टॉक मिला है, जबकि एक शोरूम में करीब 60 लाख रुपये का माल कम मिला। शोरूम संचालक इस बात का हिसाब नहीं दे पाए कि माल कम क्यों है। अफसरों ने इसे टैक्स चोरी की नीयत से बिका हुआ माल माना। इसके अलावा इतनी भारी मात्रा में माल के परिवहन के दस्तावेज भी नहीं हैं।