कानपुर। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रदेश के राज्य कर्मचारियों को केंद्र सरकार की तर्ज पर बोनस देने की मांग उठाई है। प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिलाध्यक्ष राजा भरत अवस्थी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इस संबंध में मांग पत्र भेजा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने की घोषणा की है। इसी तर्ज पर प्रदेश सरकार भी करीब 16 लाख राज्य कर्मचारियों, शिक्षकों, निगम और निकाय कर्मियों को बोनस देकर उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए। उन्होंने बोनस की अधिकतम सीमा 7000 रुपये से बढ़ाकर 18000 रुपये करने की मांग की। साथ ही संविदा, आउटसोर्सिंग और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को भी बोनस का लाभ देने तथा दिवाली से पहले भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। (संवाद)