कानपुर। यूपी वेटरंस क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से 28 और 29 मार्च को आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब में द्वितीय रमा मिश्रा टी-20 यूपी चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन होगा। इसमें प्रदेश के पूर्व रणजी और बोर्ड ट्रॉफी खिलाड़ी टी-20 प्रारूप में एक बार फिर मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
टूर्नामेंट में जेके इलेवन, जैक्सन इलेवन, गोल्डी इलेवन और रिमझिम इलेवन के बीच नॉकआउट आधार पर मैच खेले जाएंगे। एसोसिएशन के अध्यक्ष आईएम रोहतगी ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य पूर्व खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां वे अपने सुनहरे खेल के पलों को दोबारा जीते हुए दर्शकों को आकर्षक क्रिकेट का आनंद दे सकें।
जेके इलेवन में हसीन अहमद, सतीश दुरई, संदीप मेहरोत्रा, आकाश कुमार और राकेश मिश्रा शामिल हैं। जैक्सन इलेवन की ओर से नासिर अली, अविनाश यादव, बलराम यादव और आशीष यादव खेलेंगे। वहीं गोल्डी इलेवन की ओर से सुशील ओझा और रिमझिम इलेवन से धीरज शर्मा मैदान में उतरेंगे। प्रतियोगिता में कानपुर समेत गाजियाबाद, मथुरा, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, बरेली, सहारनपुर आदि जिलों से वेटरंस खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।