कानपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रेल बाजार और डी-लाइट हाता में तीन प्रतिष्ठानों पर छापा। कैंटीन में गंदगी की भरमार मिली। सड़े अंडे और सब्जी मिली। टीम ने 15 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इसके साथ ही दो प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। मौके पर 650 खराब अंडे, 40 किलो एग करी, 250 पैक्ड प्लेटें और 418 तैयार समोसे नष्ट कराए।
खाद्य विभाग की टीम फेथफुलगंज, रेल बाजार स्थित अंबर ट्रेडर्स एंड जनरल सप्लायर के यहां पहुंची। टीम को प्रतिष्ठान के मुख्य प्रवेश के बाहर गली में सड़क किनारे ही समोसे तैयार होते मिले। फर्श टूटा हुआ था और उसमें पानी भरा था। टिन की दीवारों पर धूल और चिकनाई की मोटी परत जमी थी। एग्जॉस्ट फैन तक नहीं था।
प्रतिष्ठान संचालक पेस्ट कंट्रोल और किचन की सफाई का रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। स्वास्थ्य प्रमाणपत्र भी नहीं मिले। कर्मचारी बिना ग्लव्स और हेड कवर के खाद्य पदार्थ तैयार कर रहे थे। टीम ने खुला मैदा, पिसी लाल मिर्च, नमक, तैयार सब्जी, सोयाबीन, खुला रिफाइंड ऑयल और तैयार समोसे के सात नमूने लिए। खाद्य कारोबार रुकवा दिया। मौके पर बिक्री के लिए रखे 218 तैयार समोसे नष्ट कराए गए।
इसके बाद टीम 562 डी-लाइट हाता स्थित शेरखान क्लाउड किचन की जांच करने पहुंची। यहां पर भी गंदगी मिली। जांच के दौरान करीब 40 किलो एग करी और 650 खराब अंडे मिले। टीम ने यहां से पैक्ड अचार, आटा, तैयार चावल और एग करी के चार नमूने लिए।
इसके साथ ही रेल बाजार स्थित एसए इंटरप्राइजेज के किचन में गंदगी मिली। टीम ने यहां समोसा, मैदा, गरम मसाला और नमक के चार नमूने लिए। मौके पर तैयार 200 समोसे नष्ट कराए गए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा संजय प्रताप सिंह ने बताया कि सैंपल जांच को भेजे गए हैं रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।