रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज टी-20 मैच को लेकर मंगलवार से टीमों के खिलाड़ियों का कानपुर आना शुरू हो गया है। श्रीलंका की टीम दिल्ली से सीधे चकेरी एयरपोर्ट पहुंची यहां से उसे बस द्वारा स्वरूप नगर रॉयल क्लिफ होटल में ले जाया गया। जहां पुलिस व एलआईयू विभाग की टीम की निगरानी में खिलाड़ी होटल में आए। वहीं, शाम को करीब पांच बजे बांग्लादेश के खिलाड़ी भी कानपुर पहुंच गए। खिलाड़ी लखनऊ एयरपोर्ट से बस द्वारा होटल विजय विला पहुंचे। होटल पहुंचते ही सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इसके बाद सभी ने सॉफ्ट ड्रिंक ली और फिर अपने-अपने कमरे में चले गए।
रात करीब साढ़े नौ बजे सभी खिलाड़ी एकत्र हुए और साथ बैठक कर रात्रि भोज किया। इसके बाद सभी खिलाड़ी करीब 11 बजे फिर से अपने रूम में चले गए। बुधवार को भारतीय टीम के खिलाड़ी लखनऊ पहुंचेंगे। वहां से उन्हें बस द्वारा होटल लैंडमार्क लाया जाएगा। होटल लैंडमार्क में तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। लैडमार्क में करीब सौ कमरे बुक हैं। सभी कमरों को सैनिटाइज करके उन्हें लॉक कर दिया गया। वहीं, जिन होटलों में खिलाड़ी अभी ठहरे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस व एलआईयू की टीम तैनात कर दी गई है। बुधवार को ग्रीनपार्क में शाम पांच बजे से कुछ खिलाड़ी अभ्यास भी करेंगे।
यह खिलाड़ी पहुंचे कानपुर
श्रीलंका के कप्तान तिलकरत्ने दिलशान, कौशल्या वीरत्ने, महेला उदावत्ते, रुमेश सिल्वा, असेला गुणारत्ने, चमारा सिल्वा, इसुरु उदाना, चमारा पुरगेदरा, चमिंडा वास, चतुरांग डे सिल्वा, चिंतका जयसिंघे, धम्मिका प्रसाद, दिलरुवान परेरा, दिलशान मुनावीर, इशान जयरत्ने, नुवान कुलसेकरा, उपुल थरंगा, थिसारा परेरा शामिल है। बांग्लादेश की तरफ से अभी शरिफ, माशुद पिलॉट धिमान घोश, अलमगिर कबीर, नजीमुद्दीन शहर पहुंचे है। बाकि खिलाड़ी नौ सितंबर की सुबह होटल पहुंचेंगे।