खेलमंत्री चेतन चौहान पर आरोप लगाने वाला कारोबारी संदीप (ब्लैक कुर्ते में)
बड़े कारोबारी शिवराज समूह के चेयरमैन संदीप शुक्ला ने अपनी पत्नी ऋचा शुक्ला से विवाद के मामले में ऋचा के मामा प्रदेश के खेलमंत्री चेतन चौहान पर आरोप लगाया है। कानपुर के शुक्लागंज में प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि मंत्री मामा ने पूरा परिवार बर्बाद कर दिया और साजिश के तहत उसे फंसा कर जेल भिजवाया। जल्द ही वह बंगलूरू की प्रापर्टी हड़पने के मामले में मंत्री व पत्नी सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराएंगे।
30 अप्रैल 2015 को संदीप की पत्नी ऋचा ने थाना नजीराबाद कानपुर में पति समेत 8 लोगों के खिलाफ जहर देकर जान से मारने के प्रयास व मारपीट का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में संदीप कुछ समय तक जेल में रहा। छूटने के बाद शुक्रवार को अचानक उन्होंने निज निवास पर प्रेस वार्ता की। जिसमें उन्होंने बताया कि सारा खेल प्रापर्टी को लेकर किया गया और उन्हें फर्जी तरीके से फं साया गया, जिसमें चेतन चौहान की अहम भूमिका है। साथ ही बंगलूरू स्थित उनके बंगले को भी पत्नी की मदद से मंत्री ने कब्जा कर लिया है। वह जल्द ही बंगलूरू जाकर पत्नी और उसके मामा व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराएंगे। उन्होंने कहा कि विवाह के 20 वर्ष हो गए, एक बेटा एक बेटी है जो सिडनी में पढ़ रहे हैं, लेकिन वह भी ऋचा के बहकावे में रहते हैं।