कानपुर के बेकनगंज निवासी स्पोर्ट्स कारोबारी पर आस्ट्रेलिया की एक महिला ने प्रदेश सरकार के पोर्टल के माध्यम से ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उन्होंने कंपनी से कुछ प्रोडक्ट मंगवाए थे। इसके एवज में ऑनलाइन पैसा भी ट्रांसफर किया था लेकिन उन्हें माल नहीं मिला। एसससपी के आदेश पर मंगलवार को बेकनगंज पुलिस ने स्पोर्ट्स कारोबारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डेमो पिक
आस्ट्रेलिया में विक्टोरिया निवासी तान्या हॉसफोर्ड ने प्रदेश सरकार के पोर्टल पर नौ सितंबर को शिकायत कर बताया कि चार महीने पहले उसने ई-मेल के माध्यम से न्यू ग्लोबल सेडलरी एंड फुटवियर स्पोर्ट्स कंपनी बेकनगंज से कुछ प्रोडक्ट आर्डर किए थे। इसके एवज में उन्होंने कंपनी के खाते में पैसे भी डाले थे। तय समय पर भी जब प्रोडक्ट नहीं मिले तो उन्होंने कंपनी के मालिक मो. कासिफ से फोन पर बात की। कुछ दिन बाद कंपनी का कर्मचारी बताकर एक व्यक्ति ने उन्हें फोन किया और कहा कि प्रोडक्ट भेज दिया गया है। प्रोडक्ट नहीं मिलने पर वह लगातार कंपनी के मालिक को फोन करती रही लेकिन संपर्क नहीं हो सका। आस्ट्रेलियन महिला की शिकायत पर प्रदेश सरकार की ओर से डीजीपी कंट्रोल रूम, आईजी कानपुर व एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।