कानपुर। बीएनएसडी इंटर कॉलेज चुन्नीगंज में होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दौरान पेपर लीक करने की कोशिश की गई। इसकी साजिश रचने का आरोप कॉलेज के रसायन विज्ञान के प्रवक्ता अखिलेश यादव पर लगा है। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अब अखिलेश को निलंबित भी कर दिया गया है। वहीं, पुलिस अभ्यर्थी राहुल कुमार के बारे में जानकारी जुटा रही है।
अखिलेश को इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड माना जा रहा है। सहकेंद्र व्यवस्थापक ललित बाजपेई ने अखिलेश यादव समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ कर्नलगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि अखिलेश की मिलीभगत से संदीप चंद्र विश्वकर्मा और निर्मल कुमार फर्जी कक्ष निरीक्षक बन कर ड्यूटी करने पहुंच गए थे। दूसरी पाली में तीन बजे से परीक्षा होनी थी। करीब 2:55 बजे संदीप चंद्र विश्वकर्मा को वॉशरूम की ओर जाते समय पकड़ा गया। उसने खुद को 21 नंबर कमरे का कक्ष निरीक्षक बताया। पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से सीलबंद प्रश्नपत्र बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बगल वाले कक्ष निरीक्षक निर्मल के दिए पेपर को चोरी छिपे दूसरे कमरे में ले जाने की बात कबूली थी।
जहां उसे कमरे में रखे मोबाइल और पॉकेट प्रिंटर से प्रश्नों की उत्तर शीट बनानी थी। इससे मदद से कक्ष संख्या 21 में अनुपस्थित अभ्यर्थी राहुल कुमार को उपस्थित दिखाकर उसकी ओएमआर शीट भरनी थी। पूछताछ में बताया कि कॉलेज प्रवक्ता अखिलेश यादव ने ही एनसीसी कक्ष में दो दिन पहले ही मोबाइल व प्रिंटर रखकर ताला लगा चाबी उसे दी थी। मामले में कॉलेज के प्रधानाचार्य अमर सिंह ने बताया कि प्रवक्ता को निलंबित कर दिया है। वहीं, डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि जिस अभ्यर्थी राहुल की ओएमआर शीट भरवाने का दावा किया जा रहा है। उसके बारे में बोर्ड से जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद कॉल डिटेल्स आदि के आधार पर उसकी भूमिका की जांच की जाएगी। वहीं केंद्र व्यवस्थापक रहे प्रधानाचार्य की भूमिका की जांच किए जाने से उन्होंने इन्कार किया।