फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौत बनकर आया तेज रफ्तार ट्रक, युवक और सात मवेशियों को कुचला

Sun, 07 Jan 2018 06:45 PM IST
टीम डिजिटल, अमर उजाला, कानपुर
विज्ञापन
जाम लगाए मृतक के परिजन व ग्रामीण, ट्रक की चपेट में आकर मरे मवेशी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
यूपी कि बांदा जिले में मौत बनकर आए तेज रफ्तार ट्रक ने मवेशी ले जा रहे युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक की चपेट में आए सात बैल भी कुचल कर मर गए। पुलिस ने परिजनों को सूचना दिए बगैर युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस पर भड़क उठे परिजनों ने मुख्य सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। साढ़े तीन घंटा तक बांदा-नरैनी मार्ग ठप रहा। अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध ग्राम प्रधान ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विज्ञापन



घटना रविवार को तड़के करीब 5 बजे की है। कालिंजर थाना क्षेत्र के बसरही गांव का बसंता यादव (30) पुत्र छंगू बांदा शहर से आठ बैल खरीद कर उन्हें लेकर गांव लौट रहा था। बांदा-नरैनी सड़क पर रिसौरा गांव के पास बांदा की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने बसंता और बैलों को रौंदकर भाग निकला। बसंता और सात बैलों की मौत हो गई। एक बैल गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन युवक के शव को वहां से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बैलों के शव घटनास्थल के नजदीक जेसीबी से गहरा गड्ढा खुदवा कर सामूहिक रूप से दफना दिए। घायल बैल का पशु चिकित्सक डा. पीयूष निरंजन ने इलाज किया।


कई घंटे बाद करीब सुबह 9 बजे मृतका बसंता के परिजन घटनास्थल आ गए और वहां शव न मिलने पर भड़क उठे। परिजनों और सैकड़ों ग्रामीणों ने बांदा-नरैनी मुख्य सड़क पर धरना देकर जाम लगा दिया। दोषी ट्रक चालक का पता कर उसके विरुद्ध कार्रवाई और मौतों का मुआवजा देने की मांग की। खंड विकास अधिकारी राकेश कुमार और तहसीलदार दिलीप कुमार और अतर्रा क्षेत्राधिकारी कुलदीप गुप्ता ने जाम लगाए परिजनों और ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर दोपहर करीब 1:30 बजे जाम खत्म कराया।

 

रिसौरा गांव प्रधान जय कुमार तिवारी की तहरीर पर नरैनी कोतवाली में अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध धारा 279, 304 ए व 429 आईपीसी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उधर, घटना के प्रत्यक्षदर्शी रिसौरा गांव निवासी पप्पू तिवारी, चुन्नू गर्ग, रमेश और अवध बिहारी आदि ने बताया कि पुलिस ने इतनी जल्दबाजी दिखाई कि सांस चल रही अवस्था में दो घायल बैलों को मिट्टी में दबवा दिया। इससे ग्रामीणों में रोष है।

विज्ञापन
विज्ञापन


                             

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें