करोड़ों का सट्टा पकड़ने के मामले में पुलिस की जांच में दो एक्सपोर्टर समेत पांच कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। ये सभी सटोरियों के सीधे संपर्क में थे और एक्सपोर्टर कानपुर समेत अन्य शहरों में सट्टे की रकम खपाते थे। कारोबारी सट्टे में लाखों रुपये लगाते थे। पुलिस को कुछ सफेदपोशों के नाम व मोबाइल नंबर भी आरोपियों के पास से मिले हैं जिनकी तस्दीक कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सटोरियों पर गैंगस्टर की कार्रवाई होगी और संपत्ति जब्त की जाएगी।
पुलिस ने मंगलवार रात रायपुरवा, नौबस्ता और गोविंद नगर में दबिश देकर चार सटोरियों सौरभ अरोड़ा, विनय गुप्ता, विनय मिश्रा और अनिल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। दो करोड़ सात लाख रुपये बरामद किये थे। पुलिस के मुताबिक शहर के कई बड़े कारोबारी भी सटोरियों के साथ सट्टा खेलते थे। उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाने में टीम लगी है।