कानपुर में हार्ट के मुख्य पाइप एओटा फटने से खतरे में पड़ी रोगी की जान को सर्जरी से बचा लिया गया। रोगी की विशेष तकनीक फीमोरो एट्रियल बाईपास से सर्जरी की गई। साढ़े चार घंटे तक चली इस सर्जरी में रोगी का एओटा बदले जाने के साथ ही उसका वाल्व भी प्रत्यारोपित किया गया।
इसके साथ ही हार्ट के अन्य पाइप को भी रिपेयर किया गया। रोगी की सर्जरी सीनियर हार्ट सर्जन डॉ. राकेश कुमार वर्मा की अगुवाई में डाक्टरों की टीम ने की है। डॉ. वर्मा ने बताया कि यह अपने तरह की कार्डियोलॉजी और प्रदेश की पहली सर्जरी है।
सीनियर सर्जन डॉ. राकेश वर्मा ने शनिवार को कार्डियोलॉजी में पत्रकारों को बताया कि जालौन के ग्राम बिलाहा के रहने वाले किशोर सिंह सेंगर (36) को सीने में तेज दर्द के साथ बेहोशी आ गई। इसके बाद रोगी ने कई कारपोरेट अस्पताल में जांच कराई। रोगी का एओटा फट गया था और झिल्ली में खून भर रहा था।
यह झिल्ली फटने पर मृत्यु निश्चित रहती है। इसी बीच रोगी कार्डियोलोजी में आया। उसकी विशेष तकनीक से सर्जरी की गई। रोगी को कुछ दिन के बाद डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। सर्जरी के दौरान रोगी का हार्ट और फेफड़े बंद करने पड़े। शरीर को रक्त का संचार पैर की नसों से किया गया।