फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश के बजट में कानपुर विशेष

Sat, 13 Feb 2016 02:37 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को पेश किए गए बजट में कानपुर का विशेष ध्यान रखा। बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने की जरूरत समझी तो बहुप्रतीक्षित मेट्रो रेल परियोजना के लिए सांकेतिक धनराशि का आवंटन कर उम्मीदों को पर लगा दिए। दुग्ध प्रोडक्ट को बढ़ावा देने के लिए पराग डेयरी पर भी मेहरबानी की। चिड़ियाघर में तितली पार्क बनाने की भी तैयारी है।
विज्ञापन


शहर की सड़कों के दिन बहुरेंगे
राज्य सरकार की तरफ से सड़कों की मरम्मत के लिए भारी-भरकम बजट का प्रावधान करने से शहर की सड़कों के दिन बहुरेंगे। अफसरों का मानना है कि इसके लिए अप्रैल में धन आवंटित हो जाएगा, तब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। जल निगम ने एक साल पहले विष्णुुपुरी सहित विभिन्न मोहल्लों में राइजिंगमेन (मुख्य पाइप लाइन) बिछाने के लिए 23 सड़कें खोदी थीं। काम होेने के बाद सड़कें मिट्टी डालकर छोड़ दी गईं।

इन सड़कों पर वाहन हिचकोले खाते हुए चलते हैं। जल निगम ने इन सड़कों के निर्माण के लिए शासन से 61 करोड़ रुपये 10 महीने पहले मांगे थे, लेकिन धन आवंटित नहीं हुआ।
विज्ञापन


इधर सड़कें बद से बदतर होती गईं। नौबस्ता केंद्रांचल कालोनी चौराहे से गौशाला, बारादेवी होते हुए जुही खलवा पुल रोड, शास्त्री चौक से सचान गेस्ट हाउस तक बर्रा रोड, निराला नगर रोड खोदने के साथ ही मालरोड पर मेघदूत तिराहा, आरबीआई के पास स्थित लक्ष्मी बिल्डिंग के सामने, निशात टाकीज के सामने, ठग्गू के लड्डू तिराहा, नवीन मार्केट, परेड में पाइपों की मरम्मत के बाद गड्ढों को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया।

लालइमली चौराहा, डीआईओएस कार्यालय के सामने दो स्थानों पर, बीएनएसडी इंटर कालेज के सामने राइजिंगमेन में लेमिनेशन करने के लिए गड्ढे खोदे जा रहे हैं। अब बजट जारी होने के बाद सड़कें बनने का काम तेजी से शुरू होगा। 

चिड़ियाघर में बंगलूरू के जैसा बनेगा तितली पार्क 
राज्य सरकार ने अपने अनुपूरक बजट में चिड़ियाघर में प्रस्तावित तितली पार्क के लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। अब जू प्रशासन की ओर से इसकी डीपीआर तैयार होगी। जू में करीब चार एकड़ की जमीन में गुंबदनुमा तितली पार्क बनाया जाएगा। जू प्रशासन ने बंगलूरू के बनरगट्टा नेशनल पार्क में बने तितली पार्क की तर्ज पर यहां भी इसे विकसित करने का प्रस्ताव दिसंबर में शासन को भेजा था।

जू निदेशक दीपक कुमार ने बताया कि डीपीआर बनाने के बाद यहां एक टीम बंगलूरू जाएगी। जू में करीब 40 प्रजातियों की हजारों रंग बिरंगी तितलियां होंगी। इसके लिए पार्क में ब्रीडिंग सेंटर भी बनेगा। तितलियों की उम्र कम होने की वजह से ब्रीडिंग के माध्यम से इनकी प्रजातियों को संरक्षित और विकसित किया जाएगा। बजट आते ही इसका काम शुरू करा दिया जाएगा।

बजट में मेट्रो का दखल, कानपुर की बदलेगी शक्ल
राज्य सरकार ने शुक्रवार को कानपुर मेट्रो के लिए बजट में धन की व्यवस्था की है। इससे मेट्रो के लिए निर्माण शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। सब कुछ तय समय पर हुआ तो दो साल बाद शहरवासी मेट्रो में सफर कर सकेंगे।
केडीए ने शहर में 35 किलोमीटर लंबे दो रूटों पर मेट्रो रेल संचालन के लिए 13500 करोड़ रुपये का डीपीआर पिछले साल 7 नवंबर को शासन को भेजा था।

इन दोनों रूट में 31 मेट्रो स्टेशन होंगे और इन सभी में वाहन पार्किंग का प्रावधान किया गया है। मुख्य सचिव ने कैबिनेट नोट तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय भेज दिया था। कैबिनेट से इस डीपीआर को अंतिम मुहर लगनी है। इससे पहले ही शुक्रवार को राज्य सरकार ने कानपुर मेट्रो रेल के लिए बजट में 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। इस राशि के जारी होने से मेट्रो के लिए ट्रैक निर्माण की शुरुआत हो सकती है।

यह कार्य एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव की देखरेख में होगा। इसके लिए केडीए में मुख्य नगर नियोजक आशीष शिवपुरी के नेतृत्व में मेट्रो सेल भी गठित कर दी गई है। केडीए ने पहले चरण में जीटी रोड पर आईआईटी से मोतीझील तक एलीवेटेड फ्लाईओवर बनाकर मेट्रो रेल चलाने की योजना बनाई है। इसके बाद शेष रूट पर मेट्रो चलेगी।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें