कानपुर। तृतीय दीबा नसीम खान स्मारक अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को स्पार्क इंटरनेशनल, ब्लू वारियर्स और रवनीत टिफिन इलेवन ने शानदार तरीके से अपने मुकाबलों में जीत हासिल की। यह प्रतियोगिता कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से आबद्ध और वांडर्स क्लब की ओर से आयोजित की जा रही है।
कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए मुकाबले में किक आईटी स्ट्राइक की टीम 25.4 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। स्वरित वर्मा ने सर्वाधिक 27 रन बनाए। स्पार्क इंटरनेशनल से नक्ष्य पांडेय ने तीन और प्रिन्स, अयान अख्तर लारी और स्पर्श राजपूत ने दो-दो विकेट हासिल किए। जवाब में स्पार्क इंटरनेशनल ने 18.2 ओवर में छह विकेट पर 108 रन बनाए। दिव्यांश ने नाबाद 19 और कार्तिक सिंह ने 17 रन बनाए। नक्ष्य पांडेय को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कानपुर साउथ-बी मैदान पर हुए दूसरे मैच में ब्लू वारियर्स ने 31.5 ओवर में 205 का स्कोर बनाया। अनुकल्प सैनी ने शानदार 75, शिवांश सिंह ने 35 और आर्यन पाल ने 32 रन का योगदान दिया। दक्षराज ने चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए रचित फाइनेन्शियल 27.4 ओवर में 143 रन पर सिमट गई। अनंत कुमार मिश्रा ने 51 रन बनाए। अनुकल्प सैनी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में रवनीत टिफिन ने 31.5 ओवर में 215 रन बनाए। आयुष ने 63, विहान श्रीवास्तव ने 57, अनुरुद्ध सिंह ने 39 रन का स्कोर बनाया। वंश जुनेजा ने पांच विकेट चटकाए। जवाब में आमिर इलेवन की टीम 35 ओवर में 202 रन पर पवेलियन लौट गई। तनुष अवस्थी ने 74 और दिव्यजोत सिंह ने नाबाद 64 रन बनाए। आयुष को मैन ऑफ द मैच चुना गया।