कानपुर। शहर के शैलेश कुमार और आर्यन साहू की जोड़ी ने आगरा में हुई 26वीं राष्ट्रीय डार्ट्स चैंपियनशिप में डबल्स वर्ग का खिताब जीता है। उन्होंने फाइनल में पश्चिम बंगाल के राजीव कुमार और पूषण सेन को हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। मास्टर्स पुरुष वर्ग में शैलेश कुमार ने स्वर्ण पदक और अमन शर्मा रजत पदक हासिल किया। तीसरे स्थान पर शहर के कृष्ण कुमार राय और दिल्ली के राकेश महावीर रहे। राष्ट्रीय टीम के चयन के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया।
ऑल इंडिया डार्ट्स एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश डार्ट्स एसोसिएशन की ओर से आगरा में चल रही 26वीं राष्ट्रीय डार्ट्स चैंपियनशिप का समापन मंगलवार को हुआ। इसमें 15 राज्यों के 173 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मास्टर्स महिला वर्ग में पश्चिम बंगाल की गागंदीप कौर ने स्वर्ण और निधि जैन ने रजत पदक जीता। पुरुष एकल वर्ग में पश्चिम बंगाल के सुमित चैंपियन और आर्यन साहू उपविजेता रहे।
महिला एकल में प्रदेश की महिमा गौतम ने लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय खिताब अपने नाम किया। डबल्स में महिमा गौतम और नेहा गौतम की जोड़ी ने स्वर्ण पदक जीता। उद्घाटन ऑल इंडिया डार्ट्स एसोसिएशन के सचिव प्रशांत शाह व मिसेज इंडिया सैनी सरकार ने किया। सिंगल्स, डबल्स, मास्टर्स, पुलिस, पैरा, यूथ, सब-जूनियर, वेटरन वर्ग में मुकाबले हुए।
पुलिस वर्ग के मुकाबले में प्रदेश के खिलाड़ियों का दबदबा
ऑस्ट्रेलिया में होने वाले वर्ल्ड पुलिस गेम्स को ध्यान में रखते हुए पुलिस वर्ग के मुकाबले भी हुए। महिला पुलिस वर्ग में उन्नाव की कोमल शुक्ला ने स्वर्ण पदक जीता। सोनाली यादव रजत पदक विजेता रहीं, जबकि प्रीति कुमारी और प्रियंका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं। एकल वर्ग में मोहम्मद यूनुस ने स्वर्ण, पंजाब पुलिस के विशु वर्मा ने रजत और नीरज कुमार ने कांस्य पदक जीता। यूथ वर्ग में शहर की काजल राजपूत ने बालिका वर्ग और जम्मू-कश्मीर के हनु मनहस ने बालक वर्ग का खिताब जीता।