बिल्हौर। युवजन सभा ने बुधवार को विधानसभा क्षेत्र में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। सपाइयों ने लोगों से जनसंपर्क कर सपा की नीतियां बताईं।
कस्बे के आशिक बाग मोहल्ला स्थित सपा कार्यालय में कसिगवां जिला पंचायत सदस्य मीना गौतम, रामलखन गौतम, पूर्व अध्यक्ष निर्भय सिंह यादव के नेतृत्व में बैठक हुई, जिसमें जिलाध्यक्ष राघवेंद्र यादव, युवजन सभा जिलाध्यक्ष अर्पित यादव व उनके समर्थकों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को 2022 में सीएम बनाने का संकल्प लिया। रामलखन गौतम ने कहा कि समाजवादियों ने युवाओं के लिए बेरोजगारी भत्ता, लैपटॉप वितरण, कन्या विद्या धन आदि योजनाएं और रोजगार के कई अवसर भी प्रदान किए। इन योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनसंपर्क अभियान में तेजी लाने के लिए गांव-गांव साइकिल का पहिया चल निकला है। इस दौरान शिवराजपुर में नीशू यादव, अलियापुर में विनय यादव, रचना सिंह, ककवन के भारत यादव, चौबेपुर में श्यामसुंदर यादव आदि मौजूद रहे।
नेतागीरी में सामाजिक दूरी का पालन करना भूले सपाई
बिल्हौर। एक ओर जहां जनपद में कोरोना संक्रमण के मरीज लगातार बढ़ते जा रहे हैं वहीं सामाजिक दूरी के नियमों को भूलकर सपा से जुड़े पदाधिकारी-समर्थक लाव-लश्कर संग गांव-गांव घूम रहे हैं। इससे संक्रमण वृहद पैमाने पर फैलने की आशंका लगातार बनी है। बुधवार को क्षेत्र के चौबेपुर, शिवराजपुर, उत्तरीपुरा, बिल्हौर, ककवन, अलियापुर आदि इलाकों में दर्जनों कारों, मोटर साइकिलों संग सपाइयों ने आम लोगों में अपना दम दिखाने के लिए कोरोना संक्रमण के इस दौरान खुलेआम सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था तार-तार कर दी और तो और नेतागिरी में कोरोना से बेखबर कई समर्थक बिना मास्क के ही नारेबाजी कर नेताओं संग फोटो-सेल्फी खिंचाते नजर आए, लेकिन इन सब के बाद भी तहसील क्षेत्र के चारों थानों की पुलिस ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।