कानपुर। विजिलेंस की कार्रवाई को पंख लगाने के लिए एसपी विजिलेंस (सतर्कता अधिष्ठान) का दफ्तर बिठूर विधानसभा के गंगा बैराज रोड में बनेगा। शासन से स्वीकृति मिली चुकी है। अब पीडब्ल्यूडी की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अभी शहर में विजिलेंस का थाना बना हुआ है।
पुलिस उपमहानिरीक्षक उत्तर प्रदेश अधिष्ठान ने 16 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी को पत्राचार किया था। पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड कार्यालय के अभियंता की ओर से प्रशासन को पत्र लिखकर जमीन मांगी गई थी। इस पर प्रशासन ने बैराज रोड पर जमीन उपलब्ध करा दी है। अभियंताओं की टीम ने सर्वे कर डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार कर ली है। इसकी लागत करीब आठ करोड़ रुपये है। विशेष सचिव राम नगीना मौर्या ने इसे स्वीकृति देते हुए उप्र सतर्कता अधिष्ठान के निदेशक को पत्राचार किया है। साथ ही चार करोड़ रुपये की धनराशि जारी भी कर दी गई है।
अधिशासी अभियंता राकेश यादव ने बताया कि बैराज रोड पर एसपी विजिलेंस का दफ्तर बनाया जाना है। इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जाएगा।
अभियंताओं की ओर से भवन के लिए तैयार की डिजाइन को भूकंपरोधी बनाया है। अगर भूंकप आता भी है तो भवन में कोई असर नहीं पड़ेगा। पूछताछ कक्ष, मीटिंग हाल, स्टोर रूम के अलावा अन्य काम भी कराए जाएंगे।