कानपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को लेकर सोशल मीडिया पर भाजपा सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणी के खिलाफ सपा नेताओं ने पुलिस आयुक्त को तहरीर दी है। समाजवादी छात्रसभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉ. इमरान की अगुवाई में सपा नेता पुलिस कमिश्नरी पहुंचे और तहरीर दी। एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
तहरीर में कहा गया कि भाजपा सांसद दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबंध में कथित भ्रामक, आधारहीन एवं मानहानिकारक पोस्ट प्रसारित की। बिना प्रमाण गंभीर आरोपों का प्रचार-प्रसार कर एक राष्ट्रीय दल के शीर्ष नेता की छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। फर्जी सोशल मीडिया खातों के माध्यम से कथित दुष्प्रचार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।
सपा नेताओं ने अपर पुलिस आयुक्त साउथ योगेश कुमार को तहरीर देकर भारतीय न्याय संहिता एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के अंतर्गत एफआईआर दर्ज करने की मांग की। इस मौके पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष छात्रसभा अरविंद यादव,सयुस के महानगर अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी, जिलाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड सौरभ सिंह, जिलाध्यक्ष अधिवक्ता सभा जमालुद्दीन जुनैदी, उदय द्विवेदी, अभिजीत गुप्ता, सत्यम त्रिवेदी, गौतम निगम आदि रहे।