कानपुर। मां की मौत के 21 साल बाद बेटे केशव सिंह ने उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट हासिल करने और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सीएमओ को प्रार्थनापत्र दिया है। सीएमओ के पोस्टमार्टम हाउस के प्रभारी से रिपोर्ट मांगने पर जांच-पड़ताल शुरू हुई।
शास्त्रीनगर निवासी केशव सिंह के अनुसार 29 अगस्त 2004 को माया देवी ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका पोस्टमार्टम कराया गया था। घटना के समय बेटा केशव सिंह नाबालिग था। इस वजह से उसके पास मां की मौत से जुड़े कोई दस्तावेज नहीं हैं। बेटे का कहना है वह कई साल से मां का मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है। केशव सिंह के मुताबिक उनकी मां माया देवी का निधन 29 अगस्त 2004 को हैलट में हुआ था। फंदा लगाने के बाद अस्पताल लाया गया था। पोस्टमार्टम काकादेव थाने के माध्यम से हुआ था। परिवार के पास पोस्टमार्टम संख्या, पुलिस रिपोर्ट, पंचनामा या मृत्यु से संबंधित कोई मूल दस्तावेज नहीं है। पोस्मार्टम हाउस के प्रभारी डॉ. विपुल चतुर्वेदी के अनुसार जांच में 29 मार्च 2004 के रजिस्टर में संबंधित नाम की कोई प्रविष्टि नहीं मिली। 2006 के पोस्टमार्टम रजिस्टर में पीएम नंबर 1610/26, दिनांक नौ अगस्त 2006 की एक प्रविष्टि मिली। इसमें माया सिसोदिया (40) निवासी विजयनगर का विवरण दर्ज है। यह विवरण आवेदक की मां का ही है इसकी अभी पुष्टि नहीं है।