आस्ट्रेलिया से आए बेटे को उसकी मां से बहनोई ने जब मिलने नहीं दिया, तो शिकायत नवाबगंज पुलिस के पास पहुंची। पुलिस के दखल पर बेटा अपनी मां से मिल सका। अब बेेटे ने पुलिस से गुहार लगाई है कि बहनोई के घर में रह रही उनकी मां को वापस दिलाया जाए।
मूलरूप से चंडीगढ़ निवासी विजय कुमार परिवार केसाथ आस्ट्रेलिया में रहते हैं। विजय ने बताया कि नवाबगंज निवासी उनकी बहन ऊषा सारस्वत की मौत हो गई थी। इसके बाद से करीब दो साल से उनकी मां विमला पुंज बहनोई नीरज सारस्वत के पास आजाद नगर में रह रही हैं।
मां की देखभाल के लिए वह हर माह दस हजार रुपये भेजते हैं। इतनी ही उनको पेंशन भी मिलती है। विजय कुमार ने बताया उनके बेटे दिव्यपुंज की चंडीगढ़ में शादी है। उनकी इच्छा है कि मां उसमें शामिल हों, लेकिन बहनोई मिलने ही नहीं दे रहे हैं। लिहाजा, नवाबगंज पुलिस को तहरीर देते हुए मां को अपनी सुपुर्दगी में देने की मांग की है।
तहरीर मिलने के बाद थाना प्रभारी ने दरोगा व सिपाहियों को भेजकर विजय कुमार को मां से मिलवाया। इस दौरान बहनोई से विजय कुमार की झड़प भी हुई। थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि वृद्धा का मेडिकल कराके मामले को एसीएम-6 के पास भेजा जाएगा। उनके आदेश के बाद सुपुर्दगी की कार्रवाई की जाएगी।