कानपुर देहात। कोरोना वैक्सीन की किल्लत का असर जिले में सोमवार को भी देखने को मिला। राजपुर पीएचसी में दोपहर बाद वैक्सीन खत्म हो गई। जबकि डेरापुर क्षेत्र में मुनादी के बाद वैक्सीन न पहुंचने से तीन स्थानों पर टीकाकरण नहीं हो सका। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। वहीं रसूलाबाद संदलपुर आदि क्षेत्रों में केंद्रों पर भीड़ उमड़ पड़ी। इससे टीकाकरण के दौरान अव्यवस्था रही।
जिले में करीब एक हफ्ते से कोरोना वैक्सीन की किल्लत देखने को मिल रही है। सोमवार को चयनित 34 गांवों व 15 सीएचसी पीएचसी में टीकाकरण किए जाने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए वैक्सीन की 54 सौ डोज को एक दिन पहले ही अस्पतालों में पहुंचा दिया गया था। सीएचसी हवासपुर में सोमवार सुबह से ही वैक्सीनेशन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। शाम तक 350 लोगों को टीका लगाया गया।
सीएचसी हवासपुर अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि शनिवार को 510 लोगों को टीकाकरण करने के लिए वैक्सीन भेजी गई थी। 350 लोगों का टीकाकरण किया गया। इसी प्रकार रसूलाबाद में भी लोगों की भीड़ जुट गई। अधीक्षक लोकेश शर्मा ने बताया कि वैक्सीन की छह सौ डोज दी गई थी। इसके सापेक्ष पांच सौ लोगों का टीकाकरण हुआ। सीएचसी समेत पांच जगहों पर टीकाकरण किया गया था। मंगलवार को और वैक्सीन आने की संभावना है।
उधर सिकंदरा सीएचसी, राजपुर पीएचसी के अलावा पैलावर, बुधौली पीतांबरपुर गांव में शिविर लगाकर सोमवार को लोगों का टीकाकरण किया गया। राजपुर पीएचसी में दो सौ लोगों का टीकाकरण हुआ। सीएचसी समेत पांच स्थानों पर 680 लोगों को टीका लगाया गया। दोपहर बाद इन स्थानों पर वैक्सीन खत्म होने से लोगों को लौटना भी पड़ा। पीएचसी प्रभारी डॉ. डीके सिंह ने बताया कि चार बजे वैक्सीन खत्म हो गई थी। बुधवार को आने की संभावना है।
मुनादी के बाद नहीं हुआ वैक्सीनेशन
डेरापुर। वैक्सीनेशन के लिए रविवार को ननथू, जहली, भड़ावल, सब्दलपुर, जीरेपुर, लडुवापुर में मुनादी की गई। सोमवार को सब्दलपुर, जीरेपुर, लडुवापुर में वैक्सीन न पहुंचने से टीकाकरण नहीं हो सका। ग्रामीणों पूरे दिन वैक्सीन का इंतजार करते रहे। शाम तक वैक्सीनेशन न होने से लोगों में रोष देखने को मिला। अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सीएचसी समेत चार जगहों पर ही टीकाकरण हो सका।
वैक्सीन की बड़ी खेप जल्द आनी है। वैक्सीन मिलते ही रोडमैप तय कर ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया जाएगा।
- डॉ. एमके जतारया, नोडल अफसर कोविड-19