कानपुर देहात। जिले में करीब एक हफ्ते कोरोना वैक्सीन की किल्लत है। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही यह किल्लत दूर होने का दावा कर रहे हैं। इसकी जानकारी उन्होंने जिलाधिकारी को भी दी है। अधिकारियों ने बताया कि जिले को जल्द वैक्सीन की करीब 1.74 लाख डोज मिल सकती है। इस पर डीएम ने रणनीति बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने कोरोना संक्रमण की समीक्षा करते हुए वैक्सीन की किल्लत के बाबत जानकारी ली। इस पर कोविड 19 के नोडल अफसर डॉ. एमके जतारया बताया कि जिले में उपलब्ध वैक्सीन की 54 सौ डोज को 49 सेंटरों पर लगवाया जा रहा है। जिले को जल्द वैक्सीन की 1.74 लाख डोज मिल सकती है।
इसके बाद किल्लत खत्म हो जाएगी। नोडल अफसर ने बताया कि सोमवार को 34 चयनित गांवों सहित 15 सीएचसी व पीएचसी में टीकाकरण किया जा रहा है। डीएम ने निर्देश दिए कि वैक्सीन काफी मात्रा में आ रही है। इसलिए पहले से ही रणनीति तैयार कर लीजिए। इससे ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण हो सके। अस्पतालों सहित अन्य जगहों में व्यवस्थाएं दुुरुस्त कर ली जाएं।
सभी विभागों से जानकारी जुटा लें कि संबंधित विभाग के कितने अफसर व कर्मचारियों का अब तक टीकाकरण हो चुका है। बीएसए सुनील दत्त ने बताया कि जिले में तैनात सभी शिक्षकों को टीकाकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। अफसरों ने डीएम को बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने में सरवनखेड़ा, डेरापुर, अकबरपुर सीएचसी अधीक्षक का सहयोग नहीं मिल रहा है।
इस पर डीएम ने सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान सीडीओ सौम्या पांडेय, एडीएम प्रशासन पंकज वर्मा, एडीएम वित्त एवं राजस्व साहब लाल, डीडीओ गोरख नाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. एके सिंह आदि मौजूद रहे।