ग्रीनपार्क स्टेडियम में लगी फ्लड लाइटों का रविवार को बीसीसीआई टीवी के चीफ कैमरामैन बीके श्रीनाथ ने निरीक्षण किया। उन्होंने सभी फ्लड लाइटों को जलवा कर पिच पर पड़ने वाली रोशनी, स्टेडियम के विभिन्न स्थानों पर पड़ रही रोशनी का जायजा लिया।
सूत्रों ने बताया कि चीफ कैमरामैन ने फ्लड लाइटों पर चल रहे काम पर संतुष्टि जताते हुए कुछ तकनीक सुधार करने के निर्देश दिए हैं। 15 मार्च को फिर से दौरा करेंगे। इसके बाद अपनी रिपोर्ट देंगे। रिपोर्ट के आधार पर यहां पर आईपीएल के घरेलू या प्रैक्टिस मैच हो सकेंगे।
शाम को 6:30 बजे चीफ कैमरामैन ग्रीनपार्क स्टेडियम पहुंचे। सभी चारों टावरों की फ्लड लाइटों को जलवाया। इसके बाद मीटर से फ्लड लाइट की रोशनी की स्थिति को परखा। करीब 8 बजे तक स्टेडियम की लाइटें जलवाकर विभिन्न एंगलों से मैदान के तमाम हिस्सों पर आ रही रोशनी देखी।
डायरेक्टर पैवेलियन के शेड पर लग रही अतिरिक्त 24 लाइटों के संबंध में निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने पिच क्यूरेटर शिवकुमार, यूपीसीए के सीईओ ललित खन्ना, सीओओ दीपक शर्मा से चर्चा की। मालूम हो कि तीन वर्ष पहले नया डायरेक्टर पैवेलियन बनकर तैयार हुआ था।
निर्माण कंपनी की तकनीक भूल के चलते पैवेलियन की ऊंचाई फ्लड लाइट टावर से ऊंची हो गई। इस कारण फ्लड लाइट के जलने पर पैवेलियन की छत की परछाई मैदान पर पड़ती थी। इस कारण यहां डे-नाइट मैच होने में बाधा आ रही थी।