कानपुर के शारदा विद्या मंदिर इंटर कालेज, मछरिया में यूपी अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (वीडीओ) की परीक्षा में इलेक्ट्रानिक डिवाइस से नकल कर रहे एक अभ्यर्थी को परीक्षक ने दबोच लिया। प्रधानाचार्य ने उसे नौबस्ता पुलिस को सौंप दिया। थानाप्रभारी के मुताबिक अभ्यर्थी को गिरफ्तार किया गया है।
थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह ने बताया कि दूसरी पॉली में परीक्षा के दौरान परीक्षक ने एक अभ्यर्थी को मोबाइल पर कॉन्फ्रेंसिंग करते पकड़ लिया। अभ्यर्थी के हाथ में बंधी एक इलेक्ट्रानिक डिवाइस मिली। डिवाइस की जांच की गई तो उसमें प्रश्नों के उत्तर डाउनलोड मिले। थाना प्रभारी के मुताबिक पकड़े गए सॉल्वर ने अपना नाम प्रयागराज के सहसो निवासी अखिलेश पटेल बताया है। उसने डिवाइस तीन हजार रुपये में खरीदी थी। ये डिवाइस उसने कहां और किससे खरीदी थी। कैसे काम करती थी, इस बारे में पूछताछ की जा रही है।