रोते-बिलखते परिजन, मृतक फौजी की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के बांदा जिले में छुट्टी पर घर आए सैनिक की सड़क हादसे में मौत हो गई। बाइक पर सवार उसका दूसरा साथी घायल हो गया। मृतक की जेब में रखे 10 हजार रुपये भी पार हो गए। युवा फौजी की मौत पर परिजनों के साथ गांव में भी शोक छा गया। घरों में चूल्हे नहीं जले। दोनों ही बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
फतेहगंज थाना क्षेत्र के डाडिन पुरवा गांव निवासी ब्रजभान (24) पुत्र मइयादीन वर्ष 2014 में फौज में भर्ती हुआ था। इस समय वह बबीना (झांसी) कैंट में तैनात था। 13 नवंबर को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। यहां उसकी पत्नी ने शिशु को जन्म दिया है। रविवार को वह बाइक से अतर्रा आया था। साथ में उसका साथी संजय वर्मा (20) पुत्र कमलेश निवासी मुखिया पुरवा भी थे।
देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव जा रहे थे। तभी तरसूमा-तमरार गांवों के पास सामने से आ रहे बालू भरे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। ठोकर इतनी जबरदस्त थी कि फौजी ब्रजभान की कुछ ही देर बाद मौत हो गई। संजय घायल हो गया। उसका इलाज अतर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।