कानपुर नौबस्ता में सोमवार को अधिवक्ता पद्मा गुप्ता की बेटी स्नेहा गुप्ता की हत्या में पुलिस की जांच करीबियों के पास ही घूम रही है। व्हाट्सएप और मोबाइल सीडीआर के जरिए हत्यारे की तलाश में जुटी पुलिस ने अब तक स्नेहा से व्हाट्सएप के जरिए जुड़े पांच दोस्तों को पूछताछ के लिए उठाया है, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। जबकि मौसा रामशंकर और चकेरी निवासी मंगेतर शुभम से भी पूछताछ की गई। साथ ही स्नेहा के मोबाइल में मिले 10 नंबरों की सीडीआर निकलवाई जा रही है।
डब्ल्यू ब्लॉक, केशव नगर निवासी महिला अधिवक्ता पद्मा गुप्ता की बेटी स्नेहा की घर में ही गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस के अनुसार हत्या के दिन स्नेहा ने मौसा और मंगेतर से चैटिंग की थी। चैटिंग के एक जवाब से पुलिस का शक मंगेतर पर गहराया था लेकिन घंटों चली पूछताछ में उसने ऐसी कोई बात नहीं बताई, जो हत्या की वजह बन सके।