कानपुर से फर्रुखाबाद जाते समय उत्तरीपुरा से बिल्हौर के बीच हुई घटना
इलाहाबाद पैसेंजर ट्रेन की बोगी से धुआं निकलता देख यात्रियों में हड़ंकप मच गया। कुछ यात्री तो डर के मारे कांपने लगे। कानपुर से फर्रुखाबाद जाते समय उत्तरीपुरा से बिल्हौर के बीच ट्रेन को रोककर तकनीकी खामियां दुरुस्त की गईं।
उत्तरीपुरा से बिल्हौर के मध्य सोमवार को इलाहाबाद पैसेंजर की बोगी के पहियों से एकाएक तेज धुआं उठने से सवारियों में अफरातफरी मच गई। ट्रेन चालक नेे बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर उसे खड़ाकर तकनीकी खामियां दुरुस्त कीं। इसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। रेलवे स्टेशन के अधिकारियों के मुताबिक कानपुर-फर्रुखाबाद रूट पर सोमवार करीब 1:45 बजे रावतपुर रेलवे स्टेशन से फर्रुखाबाद के लिए चली इस ट्रेन में करीब 2:30 बजे उत्तरीपुरा के पास इंजन के पीछे वाली बोगी के पहियों से तेज धुआं निकलने लगा। ट्रेन की रफ्तार बढ़ने पर धुआं और तेज हो गया और बोगियों में भरने लगा। यह देख सवारियों में अफरातफरी मच गई। यात्रियों का शोर सुनकर चालक ने ट्रेन को रोका। बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर धुआं निकलने के तकनीकी कारणों की जांच उसे दुरुस्त किया गया। कई बार तकनीकी कर्मियों को वायरलेस से मौके पर बुलाने का प्रयास किया गया, लेकिन मौके पर तकनीकी कर्मियों न पहुंचने पर चालक मामले की सूचना कंट्रोल रूम को देकर ट्रेन को कन्नौज की ओर ले गए। इस कारण बिल्हौर रेलवे स्टेशन पर करीब 30 मिनट तक गाड़ी खड़ी रही।
अरौल में मालगाड़ी की कपलिंग टूटी
कानपुर-फर्रुखाबाद रेल रूट के अरौल मकनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सोमवार करीब 12:50 बजे फर्रुखाबाद की ओर जा रही एक मालगाड़ी रुकी थी। इस के बाद जैसे ही चालक ने मालगाड़ी को आगे बढ़ाया, तभी एकाएक मकनपुर रेलवे क्रासिंग पर कपलिंग टूट जाने से गाड़ी दो टुकड़ों बंट गई। आनन-फानन में गार्ड ने मामले की सूचना चालक और स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर एके शुक्ला से कन्नौज से इंजीनियरों को बुलाकर टूटी कंपलिंग को दुरुस्त कराया, जिसके बाद करीब एक घंटे के बाद मालगाड़ी को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका। कपलिंग टूटने से करीब 40 मिनट तक रूट बाधित रहा।