औरैया के कंचौसी में रेलवे स्टेशन पर रोकी गई ट्रेन
- फोटो : amar ujala
अहमदाबाद से लगभग दो हजार श्रमिकों को लेकर लखनऊ जा रही स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के बुधवार सुबह औरैया के फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पहियों से धुआं निकलने लगा। धुआं निकलने की सूचना पर सुबह 9:55 बजे कंचौसी रेलवे स्टेशन पर रोकी गई। रेल महकमे के कर्मचारियों ने चेक किया तो पहिया ठीक मिला।
20 मिनट बाद ट्रेन को लखनऊ की ओर रवाना किया गया। श्रमिकों को लेकर जा रही स्पेशल ट्रेन में इंजन के बाद आठवीं बोगी के पहियों से धुआं निकलने लगा। फफूंद स्टेशन के स्टॉफ ने धुआं निकलता देख कंचौसी रेलवे स्टेशन मास्टर को सूचना देकर ट्रेन को रोकने का कहा।
कंचौसी स्टेशन पर सुबह 9:55 बजे ट्रेन को रोका गया। रेल कर्मचारियों ने पहुंचकर पहिया चेक किया। इसके बाद ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। इस बीच ट्रेन 20 मिनट तक कंचौसी स्टेशन पर खड़ी रही।
स्टेशन अधीक्षक बीडी पांडेय ने बताया कि फफूंद रेलवे स्टेशन से ट्रेन में धुआं निकलने की सूचना मिली थी। इस पर ट्रेन को रोका, चेक करने पर रेल स्टाफ ने पहिया ठीक पाया। 20 मिनट बाद ट्रेन को लखनऊ की ओर रवाना कर दिया गया।
यात्रियों को कल से खाने को कुछ नहीं मिला
कंचौसी में ट्रेन रुकते ही यात्री नीचे उतर आए। स्टेशन के आसपास की दुकानों व ठेलों से सामान आदि खरीदने लगे। ट्रेन यात्री सर्वेश, विनोद, बृजेंद्र, पंकज, कन्हैया, रामू, शिवप्रसाद व रामसनेही आदि ने बताया कि रेलवे ने 570 रुपये किराया लेते समय खाना-पानी व चाय देने का वादा किया था। लेकिन उन्हें मंगलवार को सुबह से कुछ भी खाने को नहीं मिला।
वहीं, यात्रियों के खरीदारी करते समय इससे सोशल डिस्टेंस की पूरी तरह अनदेखी हुई। ट्रेन यात्रियों की भीड़ से दुकानदार व वहां मौजूद स्थानीय लोग संक्रमण से बचाव करते नजर आए। कंचौसी पुलिस चौकी प्रभारी रामप्रकाश ने टीम के साथ पहुंचकर स्टेशन के बाहर पहुंचे यात्रियों से वापस ट्रेन में बैठने की अपील की। इसके बाद यात्री ट्रेन की ओर लौटे।