फतेहपुर जिले के चौडगरा क्षेत्र में वाहनों की जांच के दौरान एक निजी एंबुलेंस से स्मैक बरामद किया गया। कल्यानपुर पुलिस ने आरोपी एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। कोरोना वायरस जैसी महामारी से बचने के लिए सीओ के निर्देश पर चौडगरा चौकी इंचार्ज देवी दयाल वर्मा वाहनों की जांच कर रहे थे।
इनके साथ हमराही सुरेश यादव, धीरज यादव भी थे। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के हाईवे पर गोविंदपुर मोड़ के पास कानपुर की तरफ से आ रही एक ओमनी एंबुलेंस को रोका गया। एंबुलेंस में सवार राम सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह (निवासी पुरानी बिंदकी कोतवाली) उतरकर भागने लगा। हमराहियों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया।
पूछताछ करने पर एंबुलेंस में छिपाकर रखी 70 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार पकड़े गये युवक ने बताया कि वह स्मैक को बाराबंकी से एक ग्राम प्रति एक हजार रुपये में थोक खरीदकर लाता है। एक ग्राम स्मैक से दस पुड़िया बनाकर हर एक पुड़िया को तीन सौ रुपये में बेचता है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मरीज ले जाने के बहाने एंबुलेंस बुक कर कानपुर से लायी गयी थी। एंबुलेंस को सीज कर स्मैक तस्करी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर तस्कर को जेल भेजा गया। राम सिंह से पुलिस ने 2750 रुपये व एक मोबाइल भी बरामद किया है।