:जसवंतनगर क्षेत्र में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बस।
- फोटो : :जसवंतनगर क्षेत्र में दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त बस।
जसवंतनगर (इटावा)। महोबा से दिल्ली जा रही स्लीपर बस मैनपुरी सीमा पर ओवरटेक करने के प्रयास में में ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की बायीं ओर का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार 11 यात्री घायल हो गए। सभी को जसवंतनगर सीएचसी ले जाया गया। यहां से एक को आयुर्विज्ञान विवि. रेफर किया गया है। जांच में घटनास्थल करहल सीमा में आने पर वहां की पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की है।
गुरुवार देर रात लगभग डेढ़ बजे जौनई चौकी के पास दिल्ली की ओर जा रही विशाखा ट्रैवल्स की स्लीपर बस ट्रक को ओवरटेक करने में अनियंत्रित होकर उसी ट्रक से टकरा गई। टक्कर लगते ही बस मेंं सवार लोगों में खलबली मच गई। मौके से चालक और परिचालक दोनों फरार हो गए। सूचना पर जसवंतनगर और करहल पुलिस पहुंची। हादसे में घायल नरेंद्र (40), उनकी पत्नी ललिता (38) निवासी ग्राम मजगीव थाना अजगाव हमीरपुर, सावित्री (35) पत्नी राजू निवासी ग्राम परासन जालौन, रामकिशोर (60), प्यारेलाल (35) निवासी कैंथी थाना राठ हमीरपुर, रज्जन कुमारी (65) पत्नी घनश्याम निवासी राठ हमीरपुर, जानकी (38) उनका पुत्र गोविंद (12) निवासी राठ हमीरपुर, निरंदर, लक्ष्मण व सुंदर भी घायल हो गए।
सभी को सीएचसी जसवंतनगर पहुंचाया गया। यहां रज्जन कुमारी की हालत गंभीर होने पर उन्हें आयुर्विज्ञान विवि. रेफर किया गया। जसवंतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय ने बताया कि चालक के बस तेज चलाने की बात सामने आई है। बस ओवरटेक करने के चलते ट्रक में घुसी है। फिलहाल करहल पुलिस कार्रवाई कर रही है।