कानपुर। रेल परिचालन में सतर्कता और उत्कृष्ट संरक्षा कार्य के लिए प्रयागराज मंडल के 20 रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें कानपुर से जुड़े छह रेलकर्मी शामिल हैं। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान किए। सम्मानित होने वालों में लोको पायलट सौरभ चंद्र शुक्ला, छवि लाल कुंवर, गुड्स ट्रेन मैनेजर न्यू कानपुर नैना कनौजिया, सहायक लोको पायलट काजल कुमारी, प्रवेश मीना, सहायक लोको पायलट कानपुर न्यू मनीष कुमार शामिल हैं।
डीआरएम ने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और जिम्मेदारी से अन्य रेलकर्मियों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने सुरक्षित रेल परिचालन को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया। कार्यक्रम में एडीआरएम दीपक कुमार, धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी शुक्ला समेत अन्य अधिकारी व निरीक्षक मौजूद रहे।