फर्रुखाबाद जिले में घर में रविवार रात बनी मसूर की दाल फ्राई करके एक परिवार के छह सदस्यों ने खाई, तो हालत खराब हो गई। सभी लोग सुबह नहीं जागे तो हड़कंप मच गया। बेहोशी की हालत में सभी को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी रनवीर सिंह यादव की पत्नी मीना (40) ने रविवार रात मसूर की दाल बनाई थी। इसमें तड़का लगाया। इसके बाद रनवीर सिंह (45), पत्नी मीना, बेटी काजल (15), अर्चना (8), पुत्र नागेश (12), रावेश (7) ने यह दाल खाई।
इसके बाद सभी सो गए। रनवीर की बड़ी बेटी रुचि (18) ने दाल नहीं खाई। वह रोज की तरह सुबह पांच बजे उठी। कुछ देर बाद उसने माता-पिता को उठाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं जागेे। छोटे भाई-बहन भी नहीं उठे।
एक भाई को जबरन उठाकर बैठा दिया, तो वह लुढ़क गया। दूसरा आंगन में गिर गया। रुचि की सूचना पर मोहल्ले और परिवार के लोग आ गए। खेत पर सो रहे रुचि के ताऊ शिवलाल यादव सूचना मिलते ही घर पहुंचे।