कानपुर देहात। मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं निकला। शनिवार को एंटीजन किट जांच में दो युवती, एक अधेड़ महिला समेत छह की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि एंटीजन किट जांच में रूरा व अकबरपुर की एक-एक युवती, मूसानगर के फत्तेपुर गांव में एक युवक, संदलपुर के डिलवल व अस्तापुर गांव में एक-एक युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव निकली। वहीं, झींझक मनेपुर की अधेड़ महिला भी कोरोना पॉजिटिव निकली। महिला की जांच परिजनों ने कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में कराई थी। सीएमओ ने बताया कि अब जिले में संक्रमितों की संख्या 1362 हो गई है। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को चिह्ति करने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को सात लोगों को ठीक होने पर घर भेज दिया गया। अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
गांव में नहीं घुसने दिया गया कोरोना पॉजिटिव युवक
डेरापुर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के सरकौड़ा गांव का एक युवक गुरुग्राम में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता है। वहां बुखार-जुकाम होने पर उसने जांच कराई। उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह बाइक से गांव पहुंचा। वहां ग्रामीणों को युवक के कोरोना पॉजिटिव की जानकारी मिली तो उसे गांव में नहीं घुसने दिया गया। जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी गई। गांव पहुंची टीम ने युवक को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया है।