उत्तर प्रदेश वस्त्र एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (यूपीटीटीआई) के छात्रों में थ्योरी से अधिक प्रैक्टिकल नॉलेज बढ़ाने पर शिक्षक काम करेंगे। इसके लिए संस्थान ने बीटेक छात्रों के लिए छह माह की इंडस्ट्री ट्रेनिंग अनिवार्य कर दी है। बिना ट्रेनिंग के उन्हें बीटेक की डिग्री भी नहीं मिलेगी। अभी तक डेढ़ माह की ट्रेनिंग ही अनिवार्य थी। यह फैसला मंगलवार को संस्थान की बोर्ड ऑफ स्टडीज की बैठक में लिया गया। बैठक में वर्तमान में इंडस्ट्री की डिमांड को देखते हुए कोर्स में भी कई बदलाव किए गए हैं।
बैठक में बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि छात्रों से पढ़ाई का बोझ हल्का करना चाहिए। इसके लिए तय हुआ कि अब छात्रों को अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के मॉडल कैरीकुलम के अनुसार पढ़ाया जाएगा। छह माह की ट्रेनिंग के लिए संस्थान छात्रों की मदद करेगा। यह ट्रेनिंग छात्र अपनी पढ़ाई के दौरान किसी वर्ष में भी कर सकता है।