फोटो संख्या 21
औरैया निवासी परिवार कालिका मंदिर में मुंडन कराने पहुंचा था
संवाद न्यूज एजेंसी
बकेवर। कालिका मंदिर में मुंडन के न्योछावर में अधिक रुपये न देने पर श्रद्धालुओं को छह लोगों ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर मामला दर्ज किया।
औरैया जनपद के कुदरकोट थाना क्षेत्र के बैवाह गांव निवासी करन सिंह ने थाने में प्रार्थना पत्र दिया है। उसमें बताया कि वह नवमी पर अपने पांच माह के पुत्र शिवा का मुंडन संस्कार कराने लखना कालिका माता के मंदिर पर परिजनों के साथ आए हुए थे। मंदिर के सामने तालाब के पास मुंडन वाले से 100 रुपये में बात तय हुई थी। इसके बाद भी परिवार की अन्य महिलाओं ने बच्चे पर 20 रुपये की न्यौछावर कर दी।
मुंडन करने वाला 200 रुपये न्योछावर मांगने लगा, न देने पर मुंडन करने वाला रुपये तालाब के पास फेंककर वहां से चला गया। जब वह लोग मंदिर से दर्शन करने के बाद घर जा रहे थे। तभी, लखना स्थित बाईपास तिराहा पर मुंडन करने वाला युवक अपने छह साथियों के लाठी डंडा लेकर आ गया, कार को जबरदस्ती रोककर उन्हें उतारकर पीट दिया।
बचाने आए मां रामबेटी व पिता सरमन सिंह के अलावा ससुर पान सिंह निवासी ढकपुरा गांव थाना भरथना को भी पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहां मौजूद पुलिस ने उन्हें बचाया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए 50 शैय्या अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक राकेश शर्मा ने बताया कि प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मारपीट करने वाले युवकों को पुलिस तलाश रही है।