हरदोई में पराली जलाने वाले किसानों के विरुद्ध कार्रवाई का दौर जारी है। बिलग्राम तहसील क्षेत्र के ग्राम जरौली शेरपुर में पराली जलाने के कारण छह किसानों पर 12500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। लापरवाही बरतने वाले किसान सहायक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
ये निर्देश भी दिए गए हैं कि अगर जुर्माना होने के बाद दोबारा किसी किसान ने पराली जलाई तो संबंधित क्षेत्र के लेखपाल और किसान सहायक को निलंबित कर दिया जाएगा। बिलग्राम तहसील क्षेत्र के ग्राम जरौली शेरपुर में पराली जलाने की फोटो सेटेलाइट के जरिये उपनिदेशक कृषि डॉ. आशुतोष मिश्र को मिली थी।
इस पर संबंधित उड़नदस्ते को मौके पर जाने के लिए कहा गया। मौके पर पहुंचने पर पराली जलाने की पुष्टि हुई। उपनिदेशक के मुताबिक जरौली शेरपुर निवासी नसीम, यासीन, कादिर, इलियास, राजू खां और इस्माइल ने पराली जलाई थी। इन सभी पर जुर्माना किया गया है। यहां तैनात किसान सहायक आदर्श कुमार की लापरवाही मानते हुए उसे निलंबित कर दिया गया है।
एक लेखपाल निलंबित, तीन को प्रतिकूट प्रविष्टि
एसडीएम सवायजपुर कपिलदेव यादव ने बताया कि खेतों में पराली जलाने वाले किसानों के विरुद्ध कार्रवाई न करने पर बरसोहिया के लेखपाल मसूद अहमद को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा मदनापुर के लेखपाल दिनेश श्रीवास्तव, बरनई चतरखा के लेखपाल मेराज सिंह और रोशनपुर के लेखपाल मदनलाल को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
अब तक 131 किसानों पर चार लाख का जुर्माना
पराली जलाने के मामले में जनपद में अब तक 131 किसान कार्रवाई की जद में आ चुके हैं। उपनिदेशक कृषि डॉ. आशुतोष मिश्र ने बताया कि 131 किसानों पर चार लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। दो बार पराली जलाने पर छह किसानों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
तीन लेखपाल और दो किसान सहायक निलंबित किए जा चुके हैं। छह लेखपालों और दो एटीएम (एग्रीकल्चर टेकभनोलॉजी मैनेजर) को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जा चुकी है। एक लेखपाल और एक किसान सहायक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति भी की गई है।
फर्रूखाबाद में जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम बृजेंद्र कुमार ने लेखपालों को आदेश दिए कि कोई किसान धान व गन्ने का पुआल खेत में न जलाये। पुआल जलाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। क्षेत्र के गांव तेराखास निवासी किसान रामलड़ैते खेत में धान का पुआल जला रहे थे।
इसकी जानकारी पर लेखपाल प्रियंका रानी मौके पर जाकर जांच की और इसकी जानकारी तहसीलदार को दी। तहसीलदार प्रदीप सिंह ने किसान पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। लेखपाल ने वसूली कर रजिस्टर नंबर चार में जमा करके किसान को रसीद दी है। तहसीलदार ने बताया है कि कृषि उपनिदेशक को इसका अलग से खाता खुलवाना है। फिलहाल रकम वसूल कर रजिस्टर नंबर चार में दर्ज कर जमा करायी जा रही है।