सैफई। जेवर चोरी करने वाले दो नाबालिग, एक महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 21 अप्रैल को सौदान सिंह निवासी हीरापुर थाना वैदपुरा ने थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया था कि 30 अप्रैल को उसके बेटे की शादी होनी है। शादी के लिए जेवर खरीदकर घर पर रखे थे। बताया कि इनमें से 20 की रात कुछ जेवर चोरी हो गए। उन्होंने चोरी का आरोप रिश्तेदार के 13 वर्षीय बेटे पर लगाया था।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। 22 अप्रैल को अधियापुरा रेलवे अंडर पास के पास से पुलिस ने दो नबालिग, एक महिला और सारू उर्फ शारुखान (23) निवासी ग्राम अधियापुरा थाना वैदपुरा, आबिद उर्फ आवेद निवासी ग्राम अधियापुरा (20) थाना वैदपुरा, सर्वेश (55) निवासी रजमऊ थाना वैदपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 13000 रुपये नकद, एक मोबाइल, एक सोने की चेन, मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के टॉप्स, सोने के 10 घूंघरू, एक सोने की अंगूठी, एक सोने की बेसर और एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की। उक्त सभी सामान सौदान सिंह के घर से चोरी किया गया था।