ताखा (इटावा)। ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला हंसे में दहेज न मिलने पर पति ने पत्नी को पहले पीटा फिर उसका गला कसकर मार डाला। हत्या के बाद पति समेत ससुरालीजन भाग गए। तीन साल बेटी के रोने के आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो महिला का शव देख हतप्रभ रह गए। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
पुलिस ने बताया कि ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला हंसे निवासी नवनीत यादव ने बुधवार दोपहर करीब एक बजे पत्नी प्रीती (30) की पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। बाद में उसकी गला कसकर हत्या कर दी। महिला के भाई विमलेश यादव निवासी दीनपुरा थाना भरथना को फोन पर जानकारी दी गई। विमलेश ने बताया कि जब वह परिजनों के साथ बहन की ससुराल पहुंचे तो देखा कि प्रीती की तीन वर्षीय बेटी परी व चार माह का बेटा शिवांश शव के पास रो रहे थे। परी ने मारपीट व हत्या की पूरी घटना बताई।
परिजनों ने ऊसराहार थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर महिला के पति नवनीत यादव, ससुर ब्रजराज सिंह, सास शीतला देवी के खिलाफ दहेज हत्या रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, महिला के भाई विमलेश यादव ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन प्रीती की शादी अप्रैल 2021 में की थी। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए प्रीती को प्रताड़ित करते थे। थानाध्यक्ष ऊसराहार मंसूर अहमद ने बताया कि महिला की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
थानाध्यक्ष मंसूर अहमद ने घटना की चश्मदीद तीन वर्षीया परी ने बताया कि पापा ने पहले मां को चप्पलों व अन्य चीज से पीटा। फिर सब्जी रोटी उनके ऊपर डाल दी, मट्ठा ऊपर डाला और पीटते हुए मां का कपड़े से गला कस दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई।