कानपुर में अनवरगंज के कुलीबाजार में कथित खुदकुशी की घटना में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवक की हत्या उसकी सगी बहन ने प्रेमी (चचेरा भाई) समेत तीन लोगों के साथ मिलकर की थी। शव को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने में परिजनों ने साथ दिया।
रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपियों समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर चाकू बरामद किया। कुलीबाजार में ईद के दिन घर के बाथरूम में मोहम्मद जफर (24) का गर्दन रेता शव मिला था। अनवरगंज इंस्पेक्टर दिलीप कुमार बिंद ने बताया कि जफर ने बहन को चचेरे भाई के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था।
इस पर बहन, प्रेमी चचेरा भाई और उसके सगे भाई ने मिलकर चाकू से जफर का गला रेत दिया। परिजनों ने खून के धब्बों को धुलने के साथ ही जफर के खुदकुशी करने की कहानी रची। हालांकि बेंजाडीन टेस्ट में बाथरूम के बजाय अन्य जगहों पर खून के धब्बे मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में एक-एक परत खुलती चली गई। जफर की मां, पिता, ताऊ को भी गिरफ्तार किया गया है। आठों आरोपियों को सोमवार को जेल भेजा जाएगा।
अनवरगंज पुलिस रही लापरवाही, होगी जांच
परिजनों ने वारदात के बाद पुलिस को जानकारी दी थी कि बेटे जफर ने गर्दन काटकर खुदकुशी कर ली है। इंस्पेक्टर ने उनसे लिखित में ले लिया और बगैर किसी जांच पड़ताल के खुदकुशी की बात मान ली। एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले में अनवरगंज पुलिस की भूमिका की जांच कराई जाएगी। लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।