हरदोई में बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत संदना-गोड़ाराव मार्ग पर घूरे से बनी खाद से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में ट्रैक्टर पर बैठे एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र व ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी से ट्रैक्टर-ट्राली सीधी कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम संदना निवासी हरिश्चंद्र (52) पुत्र बसंत खेती करते थे। गांव में उन्होंने अपने घूरे से खेत में डालने के लिए खाद तैयार की थी। रविवार की सुबह आठ बजे से गांव निवासी एक व्यक्ति का ट्रैक्टर किराए पर लेकर अपने खेत में घूरे से तैयार की गई खाद को डालने के लिए अपने पुत्र खुशीराम (24) के साथ जा रहे थे।