कायमगंज। पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद के मतदाता क्रमांक में कथित विसंगतियों को लेकर उठे विवाद पर प्रशासन सक्रिय हो गया। शिकायत मिलने पर एसडीएम अतुल कुमार सिंह निर्वाचन टीम व बीएलओ के साथ पितौरा पहुंचे और मौके पर दस्तावेजों का मिलान कराया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी द्वारा डीएम को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि बीएलओ द्वारा भेजे गए गणना प्रपत्र की प्रतियों और ऑनलाइन मतदाता सूची में क्रमांक अलग-अलग दर्ज हैं। साथ ही यह भी कहा कि नियमानुसार दो प्रतियों के स्थान पर केवल एक ही गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया गया है।
शिकायत पर डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने मौके पर जाकर संबंधित अभिलेखों की जांच की। उन्होंने बताया कि गणना प्रपत्र की दो प्रतियां भेजी गई थीं और ऑनलाइन उपलब्ध अद्यतन मतदाता सूची ही अधिकृत व मान्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता 2003 की पुरानी सूची के क्रमांक का हवाला दे रहे थे, जिससे भ्रम की स्थिति बनी।
एसडीएम ने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापित मतदाता सूची निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि एसआईआर (संक्षिप्त पुनरीक्षण) प्रक्रिया को लेकर भ्रमित न हों। सभी बीएलओ को शुद्ध मतदाता सूचियां उपलब्ध करा दी गई हैं और प्रत्येक मतदाता से गणना प्रपत्र भरने का अनुरोध किया गया है।