केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का हेलीकॉप्टर उड़ते ही कानपुर देहात के राजपुर में मची भगदड़ में सीएचसी की एक दीवार ढह गई। हादसे में एक किशोर की मौत हो गई और कई लोग चुटहिल हो गए।
गुरुवार को राजपुर में भारतीय विद्यापीठ इंटर कॉलेज के मैदान पर भाजपा की चुनावी सभा में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह हेलीकॉप्टर से आए थे। हेलीकॉप्टर देखने की ललक में स्कूली बच्चे भी वहां पहुंचे थे। सभा के समापन पर हेलीकॉप्टर के उड़ते ही तमाम लोग नजदीकी सीएचसी की दीवार पर चढ़ गए। इसी दौरान दीवार भरभराकर ढह गई।
मलबे में दबकर जल्लापुर-सिकंदरा निवासी अजयकुमार का पुत्र अमर (12) जख्मी हो गया। उसे पीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। प्रधान अरशद अहमद ने बताया कि अमर को जिला अस्पताल से कानपुर के हैलट अस्पताल ले जाया गया था, जहां देर शाम उसकी मौत हो गई।