कानपुर। नानाराव पार्क में गड्ढे खोदकर 24 किलो चांदी दबाना और फिर सुरक्षित निकालकर चोर ने पुलिस को भी हैरत में डाल दिया। शातिर ने 29 कदम गिनकर जब पुलिस को चांदी बरामद कराई तो वहां मौजूद अधिकारी भी चौंक गए। एसीपी अमित कुमार पांडे ने बताया कि एमसीए पास चोर सुधांशु की याददाश्त काफी तेज थी जहां उसने बताया वहीं से चांदी बरामद कराई। अब नकदी बरामद करने के लिए पुलिस उसकी कस्टडी रिमांड की तैयार कर रही है।
चटाई मोहाल निवासी सराफ किशोर सिंह के घर से करीब 75 लाख कीमत की 30 किलो चांदी चोरी हो गई थी। पीड़ित ने 18 सितंबर को अलमारी खोली तब चोरी का पता चला। पुलिस ने मोहल्ले के एमसीए पास सुधांशु अग्रवाल को सीसीटीवी की मदद से गिरफ्तार कर चांदी बरामद की थी। एसीपी ने बताया कि सुधांशु पुलिस को लेकर पार्क गेट पर पहुंचा। उसने 29 कदम गिने। वहीं पहले गड्ढे से आठ किलो चांदी बरामद कराई। उसी गड्ढे से 22 कदम आगे चला फिर दूसरे गड्ढे से 10 किलो चांदी बरामद कराई। फिर सुधांशु ने एक पेड़ दिखाते हुए चार हाथ छोड़कर खोदाई के लिए कहा। तीसरे गड्ढे से शेष छह किलो चांदी बरामद कराई। इस तरह पुलिस के हाथ कुल 24 किलो चांदी लगी।
परेशान घूम रहा था, गेट खुला मिला तो उड़ा दी चांदी...
सुधांशु ने पुलिस को बताया कि उसने कोई रेकी नहीं की बल्कि परेशानी की हालत में घूम रहा था तभी उसे सराफ का गेट खुला मिल गया। भीतर गया तो कमरा भी खुला हुआ मिला था। कमरे में पहुंचा तो अलमारी के बगल में ही उसकी चाबी भी रखी मिली। अलमारी खोलते ही सामने चांदी रखी मिली। चांदी लेकर वह निकल गया। एसीपी ने बताया कि शेष चांदी और नकदी का पता लगाने के लिए उसकी पीसीआर की तैयारी की जा रही है।