फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: ग्राहकों को लुभा रहे चांदी के गणेश-लक्ष्मी, मछली, कछुआ

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर। धनतेरस और दीपावली को लेकर शहर के सराफा बाजार में रौनक बढ़ गई है। सोने-चांदी की कीमतों में भारी तेजी के बावजूद खरीदारों का उत्साह बना हुआ है। बाजार में रोजाना करीब 125 करोड़ रुपये का कारोबार हो रहा है। प्रतिदिन 50 किलो सोना और दो हजार किलो से अधिक चांदी बिक रही है। सिक्कों, चांदी की मूर्तियों, हल्की ज्वैलरी और पारंपरिक गहनों की मांग सबसे ज्यादा है।
विज्ञापन

धनतेरस के लिए बाजार में ठोस चांदी के गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां उतारी गई हैं। ब्लैक पॉलिश वाली ऑक्सीडाइज्ड चांदी की मूर्तियों पर आकर्षक नक्काशी की गई है। इसके अलावा चांदी की डिजाइनर कटोरी, घड़ी, मछली, कछुआ और कटार भी ग्राहकों को लुभा रहे हैं। सोने के एक और 100 ग्राम तक के सिक्कों की भी अच्छी मांग है। नयागंज, बिरहाना रोड और चौक सराफा के थोक व फुटकर बाजारों में कारोबार तेज है। निरालानगर और साकेत नगर के ब्रांडेड शोरूम भी ग्राहकों से गुलजार हैं।
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्ड स्मिथ फेडरेशन के अध्यक्ष पंकज अरोड़ा ने बताया कि चांदी की मूर्तियों और अन्य सजावटी सामान की अलग-अलग भार के अनुसार कीमतें तय हैं। फुटकर कारोबारी इनकी बिक्री के लिए पहले से ऑर्डर दे रहे हैं।
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा के अनुसार धनतेरस और दीपावली पर सबसे ज्यादा बिक्री सिक्कों और बुलियन की होती है। सोने में एक, दो, पांच, 10, 20 और 100 ग्राम से लेकर 1000 ग्राम तक के सिक्कों की मांग है। चांदी की एक किलो वाली ईंट भी बाजार में उपलब्ध है। गहनों में एंटीक, फ्यूजन, रोजगोल्ड, रजवाड़ा, पोलकी और कुंदन डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं। हल्की ज्वैलरी की मांग सबसे अधिक है।
अमेरिकी मध्यावधि चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी को झटका लगने के बाद बुधवार को सराफा बाजार में तेजी दर्ज की गई। सोना 3900 रुपये बढ़कर 1,44,900 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 11 हजार रुपये उछलकर 1,92,000 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। मंगलवार को सोना 1,41,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1,81,000 रुपये प्रति किलो थी।
बातचीत
बुधवार को सोना-चांदी के भाव जरूर तेज हुए हैं लेकिन इसका बाजार पर असर नहीं पड़ा है। त्योहारी मांग के असर से बाजार में बहुत अच्छी रौनक है। हल्की ज्वैलरी और सिक्कों की काफी मांग है। -रवि कपूर, निदेशक, केज ज्वैल्स
सोने, चांदी, हीरे व प्लेटिनम की हल्की ज्वैलरी पसंद की जा रही है। एंटीक, फ्यूजन, रोजगोल्ड, रजवाड़ा, पोलकी व कुंदन ज्वैलरी की मांग है। बुलियन यानी की ठोस सोना-चांदी की भी अच्छी बिक्री हो रही है। - राजेंद्र गुप्ता, निदेशक, सोना-चांदी ज्वैलर्स
हल्के और भारी दोनों तरह के गहनों की मांग है। बाजार में सोने-चांदी के सिक्कों की मांग सबसे ज्यादा है। अब भावाें में उतार-चढ़ाव का बाजार पर असर नही है। -प्रवेश कपूर, लता ज्वैलर्स
ग्राहक अपने बजट के अनुसार धनतेरस के लिए एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। कई तरह के ऑफर भी दिए जा रहे हैं। ग्राहकों में पर्व को लेकर बहुत अच्छा उत्साह दिख रहा है। - अतुल अग्रवाल, श्री मोहन ज्वैलर्स
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें