कानपुर। जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट टूर्नामेंट के 14वें सीजन का खिताब सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने जीत लिया। रविवार देर रात किदवईनगर स्थित साउथ मैदान में खेले गए फाइनल मैच में सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन ने प्राइम एनलाइटेन इलेवन को नौ विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए प्राइम एनलाइटेन इलेवन ने 25 ओवर में नौ विकेट पर 114 रन बनाए। टीम के कप्तान अद्रिक ने 52 रन की पारी खेली जबकि अन्य बल्लेबाज रन के लिए संघर्ष करते नजर आए। सिग्मा की ओर से देवांश ने तीन, कृष्णा यादव ने दो तथा रूपेश और आदित्य ने एक-एक विकेट लिया।
115 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिग्मा ग्रिपलॉक इलेवन के आदित्य यादव और कृष्णा यादव ने 47-47 रन बनाकर टीम को एकतरफा जीत दिलाई। टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए सिग्मा टीम के कृष्णा यादव को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। उन्होंने 318 रन बनाए और दो विकेट लिए। 316 रन बनाने वाले सिग्मा टीम के ही आदित्य यादव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और 15 विकेट लेने वाले प्राइम इलेवन के शिवांश राय सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बने।
समापन समारोह में यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को यूपी टी-20 लीग में अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस मौके पर पर संजय तिवारी, तालिब खान, आयुष तिवारी, अमित मिश्रा, राहुल सप्रू, विकास यादव समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।